विश्वास स्वरूपम को पाना है तो विवेक, धैर्य और आश्रय के मार्ग को अपनाएं – मुरारी बापू

भरोसो दृढ़ इन चरणन कैरो..सत्संग के बिना विवेक की प्राप्ति नही – मुरारी बापू
बापू के आह्वान पर प्रातः और संध्या वेला में घंटनाद के साथ होगी ‘विश्वास स्वरूपम’ की आरती
नाथद्वारा@राजसमन्द टाइम्स विश्वास स्वरूपम को प्राप्त करना है तो अपना सर्वस्व प्रभु के चरणों में समर्पण करने का भाव स्थापित करना होगा। विश्वास के स्वरूप को पाने का मार्ग विवेकशीलता, धैर्यशीलता के पड़ावों से होकर गुजरता है, किन्तु जहां विवेक हार जाता है, जहां धैर्य डगमगा जाता है, वहां आराध्य में अनन्य आश्रय ही दुविधाओं से पार लगाता है। उक्त उद्गार मुरारी बापू ने मानस विश्वास स्वरूपम रामकथा के दूसरे दिन रविवार को व्यासपीठ से व्यक्त किये।
‘भरोसो दृढ़ इन चरणन कैरो। श्री वल्लभ नख चंद्र छटा बिन, सब जग माही अंधेरो। साधन और नहीं या कलि में, जासों होत निवेरो। सूर कहा कहे, विविध आंधरो, बिना मोल को चेरो।’ सूरदास जी के इस पद को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि पुष्टिमार्ग में आराध्य पर अटूट भरोसे की बात कही गई है। जब व्यक्ति में विवेक नहीं रहता तो धैर्य के डगमगाने की स्थिति भी आन पड़ती है, तब सूरदासजी कहते हैं ‘भरोसो दृढ़ इन चरण न कैरो!’ बापू ने कहा कि साधक को श्रद्धा चरण में और विश्वास वचन में रखना चाहिए। श्रद्धा माता के चरण हैं और विश्वास पिता के वचन हैं। भरोसा एक ऐसा शब्द है जिसमें श्रद्धा और विश्वास दोनो समाहित हैं।

प्रत्येक व्यक्ति अपने आप में विशेष
श्रीनाथद्वारा में विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा के लोकार्पण के साथ शुरू हुई रामकथा के दूसरे दिन उन्होंने ‘विश्वास के स्वरूप’ और उस स्वरूप को प्राप्त करने की व्याख्या करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने आप में विशेष है। उन्होंने कहा कि हमें विशेष होने की जरूरत नहीं है बल्कि किसी एक विषय में पारंगत हो जाने की जरूरत है। व्यक्ति विश्वास से ही विशेष बनता है। यह भाव रखना चाहिए कि जो प्राप्त है वही पर्याप्त है। लक्ष्मी भी चंचला कही गई है। जब वह आपके पास होती है तो आपको विशेष बना देती है, अच्छा परिवेश आपको विशेष बना देता है, कोई अपनी वृत्ति से विशेष हो सकता है, कोई अपने वेश से विशेष हो सकता है, लेकिन यह विशेषताएं समय के साथ ही विलोपित हो सकती हैं, टिकता सिर्फ विश्वास है। लोग आप पर कितना विश्वास करते हैं, वह आपको विशेष बनाती है और विश्वास का आधार प्रामाणिकता व सदकर्म हैं। विश्वास के आधार को पाने का मार्ग विवेकशीलता, धैर्यता की तपस्या से गुजरता है। और इस तपस्या का परम चरण अपने आराध्य में अटूट आश्रय को मन में धारण कर लेना है।विवेकशीलता के लिए सत्संग जरूरी
मुरारी बापू ने कहा जा पुष्टिमार्ग का एक सूत्र है कि विश्वास स्वरूप को आत्मसात करने के लिए विवेकशीलता होनी चाहिए। बापू ने कहा कि व्यक्ति विवेकशील तभी हो सकता है जब उसका संग अच्छा हो। ‘बिनु सत्संग विवेक न होई’, गोस्वामी तुलसीदासजी द्वारा रचित राम चरित मानस की इस चौपाई को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि साठ साले पहले के मुरारी बापू को यह चिंता नहीं थी जो आज के बापू को होती है। यह चिंता संगति की है। संग किसका करें, यह क्राइसिस है। सद्विचारों का सत्संग हुआ तो कोई चिंता की बात नहीं है, लेकिन कुसंग व्यक्ति की विवेकशीलता को खत्म कर देता है। जब व्यक्ति में विवेक नहीं रहता तो धैर्य के डगमगाने की स्थिति भी आन पड़ती है। उन्होंने कहा कि अच्छी पुस्तक पढ़ना, कविता सुनना, अच्छा गाना सुनना, कला की आराधना करना, एकांत में मौन बैठना सत्संग ही है। बापू ने कहा कि जियो तो इसलिए कि किसी ‘बुद्ध पुरुष’ की सत्संगति मिल जाये। हमें सिर्फ ‘बुद्ध पुरुष’ से डरना चाहिए क्योंकि जो ‘बुद्ध पुरुष’ से डरता है वह विश्व में निर्भय हो जाता है। उन्होंने कहा कि सद्पुरुषों का आदर करना चाहिए, वे अपनी तपस्या अपने सद्विचारों में से कुछ न कुछ हमारे पास जरूर छोड़ कर जाते हैं। मुरारी बापू ने कहा कि राम ऐसे तत्व हैं जो पूर्णावतार हैं। सीता और राम दोनों एक ब्रह्म हैं, लेकिन लीला क्षेत्र में दो बनकर आये। दिखने में भले ही वे भिन्न हों, लेकिन एक शब्द और दूसरा अर्थ है। सीताराम एक ही ब्रह्मतत्व है। कलियुग में हमारे सामने प्रत्यक्ष नहीं हैं, लेकिन त्रेता युग की लीला के रूप में आज हमारे सामने प्रत्यक्ष हैं।
बापू ने कहा कि प्रथम पूज्य की पुरानी परम्परा है। जो सब कुछ पचा जाता है, वही प्रथम पूज्य है। आज राम नाम ही प्रथम पूज्य है। उन्होंने कहा कि सतयुग में परमात्मा की प्राप्ति के लिए ध्यान किया जाता था। त्रेता युग में भगवान प्राप्ति के लिए यज्ञ करते थे। द्वापर युग में भगवान के पूजन-अर्चन से परमात्मा की प्राप्ति की जाती थी। अब कलियुग में भगवान के नाम सुमिरन से भगवान की प्राप्ति संभव है। कलियुग में केवल परमात्मा का नाम ही भगवान की प्राप्ति है। भजन ही धर्म है। केशव का कीर्तन ही परम है। उन्होंने कहा कि राम एक परम मंत्र है। भगवान शिव ने जब विष पीते समय राम का उच्चारण किया तो शिवजी को विश्राम की प्राप्ति हुई। जिसको राम नाम की आदत पड़ जाती है वह दूसरों की निन्दा करना ही छोड़ देता है।

सुबह-शाम होगी आरती, गूंजेगा घंटनाद
बापू ने विश्वास स्वरूपम् परिसर में नियमित रूप से प्रातः व सायंकाल 7 बजे घंटनाद के साथ आरती का आह्वान किया।

श्रीजी की नगरी में इन दिनों अल सुबह से लेकर देर रात्रि तक उत्सवी माहौल बना हुआ हैं। गणेश टेकरी शिव प्रतिमा के आसपास देर रात्रि तक लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। आयोजक संत कृपा सेवा संस्थान की ओर से त्रिनेत्र सर्किल सहित अन्य प्रमुख चौराहों पर की गई आकर्षक सजावट का आकर्षण लोगों को खींच रहा है। मध्य रात्रि तक भी लोग सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं।प्रभु प्रसाद के लिए उमड़ रहा रैला
भोजन शाला में प्रभु प्रसाद के लिए लोगो का हुजूम उमड़ रहा है। देश विदेश से कथा श्रवण को आये श्रोता प्रभु प्रसाद के महात्म्य को अंगीकार कर रहे हैं। भोजनशाला में हजारों लोगों के लिए प्रतिदिन दोनों समय का भोजन तैयार किया जा रहा है। वहां की व्यवस्था देख हर कोई अचंभित है। प्रतिदिन भोजन में व्यंजन बदल रहे हैं। भोजन शाला का विशाल पांडाल कथा स्थल के निकट ही बनाया गया है ताकि किसी को अव्यवस्था महसूस न हो। कथा प्रसाद के बाद भोजन प्रसाद बंट रहा है। बापू ने भी कथा के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद अवश्य लेने को कहा है।

पुख्ता पार्किंग व्यवस्था
रामकथा श्रवण को आने वाले हज़ारो श्रद्धालुओ के वाहनों के लिए आयोजकों की ओर से पुख्ता पार्किंग व्यवस्था की गई है। कथा पांडाल के दोनों ओर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कथा समाप्ति के बाद राहगीरों को भी कोई परेशानी ना हो, इस बात का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा हैं। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए स्वयंसेवको की टीम भी पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान कर रही है।


रामकथा में श्रोताओं के साथ आने वाले बच्चो के मनोरंजन के लिए झूले चकरी भी लगाए गए हैं। आयोजकों की ओर से इसकी निःशुल्क व्यवस्था की गई है। साथ ही त्रिनेत्र सर्किल पर रावण हत्था के कलाकारों का दल भी लोकरंग बरसा रहा है।

निःशुल्क बस सेवा
श्रोताओं के प्रतिदिन कथा स्थल पर आने जाने के लिए आयोजन समिति संत कृपा सनातन संस्थान की ओर से गांव गुड़ा, बड़ा भाणुजा, सलोदा, घोड़च, देलवाड़ा, थामला, मोगाना, आकोदड़ा रूपावली, सायो का खेड़ा, बामनहेड़ा, सुन्दरचा, जोशियों की मादड़ी, बेरन कोटड़ी, माणकावास, नेड़च, सगरूण, वाटी कदमाल, सेमल, उनवास, छोटा भाणुजा, कोषीवाड़ा, उसरवास सहित आस पास के गांवों से निःशुल्क् बस सेवा की व्यवस्था की गई है।

कथा के दौरान आयोजक संत कृपा सनातन संस्थान के ट्रस्टी मदन पालीवाल, मंत्रराज पालीवाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी, वन व पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्नोई , रविन्द्र जोशी, रूपेश व्यास, विकास पुरोहित,विष्णु दत्त ,प्रकाश पुरोहित,राजेन्द्र प्रसाद गोयल सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।