विश्वास स्वरूपम लोकर्पण को लेकर असीम उत्साह की लहर, अभी से लगने लगा नगर में दीपावली सा माहौल

स्विस टेण्ट से बना मिनी शहर, प्रमुख हस्तियों को न्यौता

नाथद्वारा। संत कृपा सनातन संस्थान की ओर से 29 अक्टूबर से आयोजित ‘‘विश्वास स्वरूपम्’’ Statue of Belief के लोकार्पण महोत्सव को लेकर श्रीजी की नगरी नाथद्वारा में असीम उत्साह नजर आ रहा है,पूरे नगर में दीपावली सा माहौल है। शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जा चुका है। प्रमुख हस्तियों को आमंत्रण देने का कार्य भी जोर शोर से जारी है। लोग बड़ी बेसब्री से इस स्वर्णिम पल का इंतजार कर रहे है।

नाथद्वारा की गणेश टेकरी पर निर्मित विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा के लोकार्पण महोत्सव को अभूतपूर्व बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है।

संस्थान की ओर से प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित करने का क्रम मंगलवार को भी जारी रहा।

मंगलवार को प्रकाश पुरोहित, लक्ष्मण दीवान ने केन्द्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, संगठन महामंत्री चंद्र शेखर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कर्नल राजवर्द्धन सिंह राठौड़ को निमंत्रण दिया।

इधर आयोजन स्थल पर पाण्डाल बनाने का काम अंतिम चरणों में है। आयोजन को लेकर राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश सहित देशभर के श्रोताओं में भारी उत्साह है। दीपावली से पहले ही पूरा शहर रोशनी से जगमगा गया है तथा शहर के प्रमुख स्थानों को दुल्हन की तरह सजाया जा चुका है। गली मोहल्लों को भी आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जायेगा।

स्विस टेण्ट में बसेगा मिनी शहर


आयोजन स्थल के निकट ही मेहमानों के लिए सर्वसुविधा युक्त टेण्ट में मिनी शहर को बसाने की तैयारी की जा रही है। यहां मेहमानों के ठहरने के लिए 200 स्विस टेण्टों का एक अस्थाई शहर बनाया गया है। पूर्णतः वातानुकुलित इस टेण्ट नगरी को बसाने के लिए विशेष तौर पर कारीगरों को बुलाया गया है तथा मेहमानों को किसी तरह की असुविधा ना हो, इसका संपूर्ण ख्याल रखने का प्रयास किया जा रहा है।

ज्ञात रहे कि लोकर्पणार्थ आयोजित महोत्सव में मुरारी बापू द्वारा प्रतिदिन रामकथा वाचन किया जायेगा व जिसमें लाखों श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। तीन दिन  सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ख्यातनाम कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।