विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी ने किया होली स्नेह मिलन

नाथद्वारा@RajsamandTimes। नाथद्वारा विधानसभा के विधायक व राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सी.पी.जोशी ने शुक्रवार को होटल उत्सव नाथद्वारा में सभी कार्यकर्ताओं व समर्थकों सहित होली मिलन समारोह में शामिल होकर सभी को शुभकामनाएं प्रेषित की।
उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय सहित अन्य सभी के द्वारा दिए गए अपार प्रेम, सहयोग एवं समर्थन का स्वयं को सदैव ऋणी बताया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विकास के पथ पर अग्रसर प्रभु श्रीनाथजी की पावन धरा नाथद्वारा व समूची विधानसभा के क्षेत्रवासियों की सेवा में सदैव समर्पित रहेंगे।


होली मिलन के अवसर पर प्रातः 10 बजे से पूर्व ही डॉ. जोशी से मिल उनके प्रति अपना प्यार जताने समर्थकों का आना आरम्भ हुआ जो शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहा। कुछ समय होटल की लॉबी में बैठ कर विधानसभा अध्यक्ष अपने क्षेत्र की जनता से एक परिवार के सदस्य की भांति सहज शुभकामनाएं स्वीकार मुक्त हृदय से संवाद कर हालचाल जान होली की बधाईयां दी व परिवार में खुशहाली की कामना कर छोटी बड़ी समस्याओं को संज्ञान में लेकर अधिकारियों को निस्तारण हेतु दिशा निर्देश दिए।


समारोह में कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर,कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिसिंह राठौड़, नाथद्वारा नगरपालिका अध्यक्ष मनीष राठी,उपाध्यक्ष श्यामलाल गुर्जर,नगरपरिषद सभापति अशोक टांक, विशेषाधिकारी मनीष जोशी,नाथद्वारा नगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश एम जोशी,रेलमंगरा प्रधान आदित्यप्रताप सिंह,खमनोर प्रधान भेरूलाल वीरवाल,उप प्रधान वैभवराज सिंह चौहान,देलवाड़ा प्रधान कशनी गमेती, उप प्रधान रामेश्वर लाल,खमनोर ब्लॉक अध्यक्ष केसर सिंह गौड़,नाथद्वारा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर लाल जाट सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे व होली स्नेहमिलन समारोह को सफल बनाया।

विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को बैठक में दिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा निर्देश

विधानसभा अध्यक्ष अपने दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को नाथद्वारा पहुंचे व विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के निधन पर सांत्वना व श्रद्धांजलि अर्पित कर नाथद्वारा नगरपालिका नाथद्वारा में आयोजित अधिकारियों की बैठक में भाग लिया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के चल रहे विकास कार्यो में गुणवत्ता बरतने व समयावधि में कार्य पूर्ण करने के बारे में अधिकारियों को स्पष्ट दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना, नगरपालिका अध्यक्ष मनीष राठी ,आयुक्त कौशल कुमार खटूमरा सहित सभी विभागों के उपखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।