नमाना एनिकट का विधानसभा अध्यक्ष डॉ जोशी और जल संसाधन मंत्री मालवीय ने किया लोकार्पण

महज छह माह में ही तैयार हो गया एनिकट, कई गांवों को मिलेगा लाभ
राजसमंद @RajsamandTimes।  विधानसभा अध्यक्ष डॉ सी पी जोशी और जल संसाधन मंत्री महेंद्र जीत सिंह मालवीय ने बुधवार शाम बनास नदी पर नमाना में एनिकट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।
सरकार द्वारा बनास नदी पर एनिकट निर्माण हेतु 26 करोड़ 36 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गई थी। एनिकट की लंबाई 200 मीटर है और जमीन स्तर से ऊंचाई 2 मीटर है। इसकी भराव क्षमता 8 एमसीएफटी है।
खास बात यह है कि एनिकट का निर्माण कार्य महज छह माह में ही पूर्ण कर लिया गया। इससे कियावास, कोचली, नमाना, बामनहेड़ा सहित कई गांवों को लाभ मिलेगा।
आज के युग में शिक्षा का महत्व सर्वाधिक : डॉ जोशी
लोकार्पण के पश्चात डॉ जोशी ने जनसभा को संबोधित करते हुए लोकार्पित एनिकट से मिलने वाले लाभ की जानकारी सभी से साझा की। साथ ही उन्होंने जिले में जारी विभिन्न जनकल्याणकारी विकास कार्यों को भी सभी से साझा किया। डॉ जोशी ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में शिक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि महज 5 माह में एनिकट तैयार हो जाना अभूतपूर्व है। जल संसाधन मंत्री मालवीय ने राज्य में जल संसाधन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की भी अपील की।
इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारी, नेतागण एवं सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।