राज्यपाल ने भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए आमन्त्रित किया

जयपुर।  राज्यपाल कलराज मिश्र से मंगलवार सायं राजभवन में केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने मुलाकात की।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने राज्यपाल मिश्र को राजस्थान में मुख्यमंत्री के रूप में भजन लाल शर्मा के नाम का पत्र प्रस्तुत किया। उन्हें विधायक दल का नेता चुने जाने संबंधी पत्र भी सौंपा।
राज्यपाल मिश्र को केन्द्रीय रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह ने इस दौरान अपने एक सौ पंद्रह विधायकों की सूची भी प्रस्तुत की।

राजस्थान के नए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का परिचय

सांगानेर सीट से विधायक भजनलाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री होंगे। 56 वर्षीय श्री भजनलाल शर्मा ग्राम अटारी, तहसील नदबई, जिला भरतपुर के निवासी हैं। जबकि वर्तमान में फ्लैट नंबर 705, बालाजी टावर, इएचसीसी हॉस्पिटल जवाहर सर्किल के पास उनका निवास है।

उन्होंने सीनियर सैकंडरी वर्ष 1984 में एवं हायर सैकंडरी 1986 में भरतपुर से उत्तीर्ण की। वहीं, वर्ष 1989 में एमएसजे कॉलेज, भरतपुर से बी.ए. किया तथा 1993 में राजस्थान विश्व- विद्यालय से राजनीति शास्त्र में एम.ए. तक की शिक्षा प्राप्त की।

शर्मा पहली बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने सांगानेर सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 48,081 मतों से शिकस्त दी।

भजन लाल शर्मा के मुख्यमंत्री बनने पर राजसमन्द जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। नाथद्वारा में चौपाटी पर नगर अध्यक्ष प्रदीप काबरा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आतिशबाजी कर अपनी प्रसन्नता का इजहार किया गया।