मोदी शासन में किसानों की आय हुई दुगुनी, बढ़ा सम्मान : दीप्ति किरण माहेश्वरी


राजसमन्द। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने लापस्या के एक सामाजिक आयोजन में ग्रामवासियों के साथ परिसंवाद में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार किसानों की सबसे बड़ी हितैषी सरकार है। विगत 10 वर्षों में सभी प्रमुख फसलों के समर्थन मूल्यो में 60 से 100% तक वृद्धि की गई है। भारत सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के साथ ही उनकी क्षमता बढ़ाने और कृषि को आधुनिक एवं वैज्ञानिक बनाने की दिशा में सार्थक पहल की है। किसानों के बहुत कम ब्याज पर ऋण सुविधा दी जा रही है। समर्थन मूल्यों पर सरकारी खरीद में 40% की वृद्धि हुई है।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना किसानों को ऋण जाल से बचाने, उन्हें वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने और उनके छोटे छोटे खर्चो का प्रबंध करने की एक क्रांतिकारी योजना है। भारत सरकार 11.80 करोड़ किसानों को प्रतिवर्ष 6000/- सीधे उनके बैंक खातों में जमा करा रही है। इस योजना में अभी तक किसानों के खातों में 20 खरब रुपयों से अधिक की राशि जमा करवा चुकी है। राजस्थान सरकार भी 2000/- प्रति वर्ष राजस्थान के 68 लाख किसानों को देगी।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि कांग्रेस ने देश पर 60 वर्षों तक राज किया। किन्तु कभी भी किसानों की उन्नति के बारे में सोचा नहीं। कांग्रेस शासन में सभी योजनाएं भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी से ग्रस्त थी। आज कांग्रेस नेता ऐसे बात कर रहे हैं, जैसे उन्होंने देश पर कभी भी शासन किया ही नहीं हो। उनके पास हर समस्या के समाधान का जादु है, बस उन्हें अवसर नहीं मिला। कांग्रेस नेता भारत की तीव्र प्रगति से भयभीत है। वे देश में अस्थिरता और अराजकता का वातावरण बना कर देश को फिर से कंगाली की ओर धकेलना चाहते है।