जिला पुलिस अधीक्षक जोशी ने किया खमनोर थाने का निरीक्षण व आमजन संवाद, स्थानीय जनता ने किया स्वागत सम्मान

खमनोर@RajsamandTimes। सड़क दुर्घटनाओं से बढ़ती जनहानि को रोकना हम सभी का दायित्व है व इसे रोकने हेतु सभी को स्वयं जागरुक होकर सड़क सुरक्षा के नियमों का शत प्रतिशत पालन करना होगा। दुपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट पहन कर व चार पहिया वाहन चालकों सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल कर सड़क हादसों में होने वाली जनहानि पर लगाम लगाई जा सकती है। राजसमन्द पुलिस अपराध रोकने की दिशा में अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है उसमें स्थानीय जनता का योगदान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
यह बात राजसमन्द जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बुधवार को नाथद्वारा वृत के खमनोर थाना परिसर में उपस्थित क्षेत्रवासियों से जनसंवाद कर कही।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी द्वारा पदभार ग्रहण करने के पश्चात जिले के सभी पुलिस स्टेशनों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को खमनोर थाने का निरीक्षण किया गया। थाना परिसर में आगमन पर उप अधीक्षक छगन पुरोहित व थानाधिकारी डॉ नवलकिशोर महिया द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया गया व जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तत्पश्चात जोशी ने स्वागत कक्ष, थाना परिसर,मालखाना, मैस इत्यादि का निरीक्षण कर स्थानीय थाने पर तैनात जवानों व अधिकारियों की बैठक ली व उचित दिशा निर्देश दिये। जिला पुलिस अधीक्षक के रूप में प्रथम बार आगमन पर सुधीर जोशी का क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सीएलजी सदस्यों , व्यापारियों व आमजन द्वारा मेवाड़ी परंपरा अनुसार पगड़ी पहनाते हुए उपरना ओढ़ा कर स्वागत सम्मान किया गया। हल्दीघाटी पर्यटन समिति व प्रेस क्लब की ओर से पुलिस अधीक्षक का हल्दीघाटी की माटी से तिलक कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर खमनोर प्रधान भेरूलाल वीरवाल, देलवाड़ा प्रधान कसनी गमेती, जिला परिषद सदस्य कुक सिंह गौड़, पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम माली, पंचायत समिति सदस्य मांगीलाल पालीवाल, धर्मनारायण पालीवाल, पंचायत समिति सदस्य देलवाड़ा श्रवण सिंह झाला, पंचायत समिति सदस्य तनसुख सोनी सहित जनप्रतिनिधि, महिला समूह प्रतिनिधि,स्थानीय व्यापारी व आमजन उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय हैं कि पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी पूर्व में उप अधीक्षक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में राजसमन्द में अपनी सेवाएं दे चुके है व क्षेत्र से भलीभाँति परिचित रहे है।