जनसंपर्क के दौरान भाजपा प्रत्याशी ने नुक्कड़ सभाओं को किया संबोधित – सांसद ने मांगे भाजपा के पक्ष में वोट


राजसमंद। राजसमंद विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दीप्ति किरण माहेश्वरी ने नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार की कलई खोलते हुए कहा कि बिजली की दरें नहीं बढ़ाने का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने मात्र ढाई वर्ष में 3-3 बार बिजली की दरें बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी। यही नहीं अब स्वयं को किसानों का हितैषी कहने वाली कांग्रेस के राज में राज्य के किसानों को पैसे जमा कराने के बाद भी बिजली के कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के तीनों डिस्कॉम में करीब 5 हजार उपभोक्ताओं को बिजली कंपनियां कनेक्शन जारी नहीं कर रही है। जबकि, उन्होंने एक से तीन लाख रुपए तक के डिमांड नोटिस भी जमा करवा दिए हैं। इस तरह बिजली कंपनियां किसानों के रुपए पर कुण्डली मार कर बैठ। इतना सब होने के बावजूद किसानों के प्रति संवेदनशील होने के दावे करने वाले राज्य के मुख्यमंत्री कुछ नहीं कर पा रहे हैं।

इस दौरान विधायक हमीरसिंह भायल,चंद्रभानसिंह आक्या, नारायणसिंह देवल, प्रतापपुरी महाराज, करणसिंह राव, मंडल अध्यक्ष दिग्विजयसिंह भाटी, मुकेश जोशी, उपप्रधान सुरेश कुमावत, महामंत्री संपतनाथ सिंह, प्रधान अरविन्दसिंह राठौड़, पूर्व मण्डल अध्यक्ष पर्वतसिंह, जिपस देऊबाई, लीला तेली, पंसस लक्ष्मी भील, उपसरपंच मांगीलाल कुमावत, शंभूलाल खारोल, शंकरलाल खारोल, जब्बरसिंह गौड़, गणेश सुथार सहित कार्यकर्ता मौजूद थे। माहेश्वरी ने गुरुवार को शहर से सटी ग्राम पंचायत एमड़ी के केरोट, मेड़तिया, नान्दोली, भटखेड़ा, राज्यावास पंचायत के अमलोई, फतेहपुरा, देवगांव, जोधपुरा, तेजपुरा, राज्यावास, आत्मा ग्राम पंचायत, पोदावली, कनावदा, मादड़ी, बामनटुकड़ा, आरवाड़ा, चंद्रदीप कॉलोनी, सालमपुरा, गणेशनगर, जावद, धोइंदा, गायरियावास, रेलवे स्टेशन, वीरभानजी खेड़ा एवं पलेवा मगरी में जनसंपर्क किया। साथ ही कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित किया। माहेश्वरी शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही नगर में भी जनसंपर्क करेंगी।
कांग्रेस पार्टी प्रदेश में सत्ता का दुरूपयोग कर रही है
रानीवाड़ा विधायक नारायणसिंह देवल ने भाजपा प्रत्याशी दीप्ति माहेश्वरी के साथ ग्रामीण क्षेत्र में जनसम्पर्क किया। देवल ने कहा कि अगर राजसमंद में कांग्रेस जीतती है तो जिला मुख्यालय के सारे कार्यालय नाथद्वारा शिफ्ट हो जायेंगे। नाथद्वारा से विधायक सीपी जोशी संवैधानिक पद पर है और नियमानुसार संवैधानिक पद पर आसीन कोई भी व्यक्ति चुनावों में भाग नहीं ले सकता, फिर भी कांग्रेस पार्टी प्रदेश में सत्ता का दुरूपयोग करके चुनावों में उनके फोटो लगा रही है। ये खुले तौर पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेकर कार्यवाही करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी चुनावों को प्रभावित करने के लिए सारे हथकंडे अपना रही है।

सासंद ने भाजपा प्रत्याशी के लिए मांगे वोट
राजसमंद। सांसद दीया कुमारी ने गुरूवार को राजसमंद विधानसभा उपचुनाव को लेकर भााजपा प्रत्याशी दीप्ति माहेश्वरी के समथर्न में फियावड़ी व मोही ग्राम पंचायत में जनसंपर्क किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद दीया कुमारी ने कहा कि यहां के मतदाता दीप्ति माहेश्वरी को वोट देकर एक सच्चे देशभक्त होने की जिम्मेदारी निभाने का काम करें। दिया ने कहा कि गहलोत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है तथा भ्रष्टाचारियों के हौंसले बुलंद हैं। कांग्रेस सरकार राजस्थान के भोले भाले बुजुर्गो को, जवानों को, किसानों को, युवाओं को, ठगने का व धोखा देने का काम कर रही है। राज्य सरकार ने राजसमंद के विकास को सिर्फ रोकने का काम किया है, यहां की जनता के सपनों को चकनाचूर करने का कार्य किया है, जिसके लिए यहां की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी।