भाजपा ने राजसमंद विधानसभा क्षेत्र से कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया एवं राजसमंद जिलाधीश व अन्य अधिकारियों को तत्काल विधानसभा चुनाव क्षेत्र व प्रक्रिया से हटाने की मांग की

जयपुर/राजसमन्द। विधायक एवं पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ, भाजपा चुनाव सम्पर्क विभाग के प्रदेश प्रमुख नाहर सिंह माहेश्वरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार ने मुख्य चुनाव आयुक्त कृष्ण कुणाल को ज्ञापन देकर राजसमंद विधानसभा उपचुनाव 2021 में राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया एवं राजसमंद जिलाधीश व अन्य अधिकारियों को विधानसभा चुनाव प्रक्रिया से तत्काल हटाये जाने की मांग की।

कालीचरण सराफ ने बताया कि कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया द्वारा अपने पद का दुरूपयोग करते हुए राजसमंद कलेक्टर अरविन्द पोसवाल, रेलमगरा पुलिस अधिकारी, रेलमगरा एसडीएम मनसुखराम डामोर, राजसमंद बीडीओ भंवर लाल विश्नोई एवं बीडीओ विरेन्द्र सिंह चैहान के माध्यम से मतदाताओं को धमकी दिलवाकर भयभीत कर मतदान को प्रभावित करने का कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया एवं उक्त अधिकारियों के रहते राजसमंद विधानसभा में निष्पक्ष चुनाव होना सम्भव नहीं है, इसलिए कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया एवं उक्त अधिकारियों को विधानसभा से तत्काल प्रभाव से हटाया जाये।

 

राजसमंद सांसद दीया कुमारी को कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं द्वारा डराने-धमकाने की कोशिश- नाहर सिंह माहेश्वरी

जयपुर/राजसमन्द। भाजपा चुनाव सम्पर्क विभाग के प्रदेश प्रमुख नाहर सिंह माहेश्वरी ने मुख्य चुनाव आयुक्त कृष्ण कुणाल को पत्र लिखकर शिकायत की कि राजसमंद सांसद दीया कुमारी को कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं द्वारा उनके होटल पर पहुँचकर भयभीत किये जाने का काम किया जा रहा है। सांसद द्वारा पुलिस को सूचित करने के बावजूद भी पुलिस ने असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार नहीं किया और उन्हें भगाने का प्रयास किया। शिकायती पत्र के साथ घटनास्थल के वीडियो फुटेज भी आयोग को उपलब्ध करवाये।

नाहर सिंह माहेश्वरी ने पत्र में लिखा कि हमारी चुनाव आयोग से मांग है कि दीया कुमारी को सुरक्षा मुहैया करवाने एवं दोषी अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही कर असामाजिक तत्वों को तुरन्त गिरफ्तार करे।

भाजपा ने विधानसभा उपचुनाव में अतिरिक्त केन्द्रीय सुरक्षा बल लगाने की मांग की

जयपुर। भाजपा के प्रदेश मंत्री जितेन्द्र गोठवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुरेन्द्र सिंह नरूका ने मुख्य चुनाव आयुक्त कृष्ण कुणाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मांग की कि राजस्थान में 17 अप्रैल, 2021 को तीन विधानसभाओं में हो रहे उपचुनाव के अन्दर सत्तारूढ़ दल के द्वारा चुनाव जीतने के लिए अवैधानिक कृत्य के तहत बूथ कैप्चरिंग, अशांति फैलाने, मतदाताओं को मतदान करने से रोकना एवं अपने पक्ष में मतदान करने हेतु दबाव डालने व डराने-धमकाने की पूर्णतया आशंका है, जिसके चलते निर्वाचन आयोग से भाजपा के द्वारा यह मांग की गई है कि निष्पक्ष चुनाव हेतु तीनों उपचुनाव के सभी बूथों पर अतिरिक्त केन्द्रीय सुरक्षा बल की व्यवस्था की जाये, ताकि राजस्थान में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न हो सके।