अश्मिता : महिला उद्यमिता मेले का पोस्टर विमोचन

राजसमंद। वी विश फॉर सोसाइटी द्वारा संस्था के स्थापना दिवस के उपलक्ष में रविवार, 6 मार्च 2022 को महिला उद्यमिता मेले का आयोजन गोपाल कृष्ण वाटिका, कांकरोली में किया जाएगा।

संस्था अध्यक्ष डॉ. राकेश तैलंग ने बताया कि वी विश फॉर सोसाइटी महिला सशक्तिकरण हेतु कटिबद्ध है। इस दिशा में राजसमंद की महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने एवं महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु इस कार्यक्रम के माध्यम से एक मंच प्रदान किया जाएगा।

संस्था उपाध्यक्ष उमा जोशी ने कहा महिला उद्यमिता नाम मेले का नाम “अश्मिता : सपनों की उड़ान” रखा गया है। अश्मिता अर्थात्‌ ‘आत्म गौरव’। संस्थान सचिव डॉ विनिता पालीवाल ने बताया कि मेले का उद्देश्य महिलाओं के हुनर को चार दीवारी में सीमित रखने की अपेक्षा परिवार के जीविकोपार्जन हेतु अन्य स्त्रोत के रूप में आगे बढ़ाकर परिवार और समाज को आर्थिक स्तर पर मजबूती प्रदान करना है।

संस्था सदस्या सोनल दीक्षित ने बताया कि “भारत में महिला उद्यमिता की भूमिका” विषय पर एक परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यालय एवं महाविद्यालय की छात्राएँ भाग लेंगी। संस्था सदस्या अर्पणा पालीवाल ने बताया कार्यक्रम में राजसमंद की बालिकाओं और महिलाओं की नृत्य प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने एवं उन्हें पुरस्कृत करने हेतु नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। संस्था सदस्या मोनिका बापना ने बताया कार्यक्रम के तहत राजसमंद की उन महिलाओं प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने कड़ी मेहनत व संघर्ष से अपने क्षेत्र में पहचान बनाई है। संस्था सदस्यों द्वारा अध्यक्ष एवं सचिव की उपस्थिति में संस्था की युवा डिजाइनर उन्नति जोशी द्वारा बनाए गए “अश्मिता” लोगो का विमोचन किया गया।