शिक्षा एवं साहित्य को समर्पित रहे नित्य लीलास्थ गोस्वामी तिलकायत श्री गोवर्धन लाल जी महाराज , शिक्षा मंत्री ने किया बडा बाजार विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण

नाथद्वारा। प्रभु श्री नाथ जी की नगरी शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखती है और यहाँ के विद्या मंदिरों में शिक्षा प्राप्त विद्यार्थियों ने नगर का नाम देश ही नहीं अपितु विदेशों तक विभिन्न क्षेत्रों में गौरवान्वित किया है। नगरवासियों को आज लोकार्पण समारोह में एक सुअवसर देखने को मिला जिसमें विद्यालय के एक पूर्व विद्यार्थी के ही अथक प्रयासों से नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के सभी विद्यालय क्रमोन्नत होकर निरंतर शिक्षण गुणवत्ता सुधार की ओर अग्रसर है। वह पूर्व विद्यार्थी कोई और नहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान में राजस्थान विधानसभा डॉ सीपी जोशी है।

आज गोस्वामी विशाल बावा की गरिमामय उपस्थिति में स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी जोशी द्वारा मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी कल्ला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के सहकारिता मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री उदयलाल आंजना एवं कृषि एवं पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया द्वारा फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर मंत्रोचार द्वारा श्री गोवर्धन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम के रूप में संचालित तथा नवीन भवन का लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर समाजसेवी देवकीनंदन गुर्जर, मिराज सीएमडी मदन पालीवाल ,जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना, जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, मुख्य निष्पादन अधिकारी जितेंद्र ओझा, नगरपालिका अध्यक्ष मनीष राठी, पार्षद गण और विद्यालय स्टाफ सहित कई गणमान्य व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

शिक्षा एवं साहित्य को समर्पित रहे नित्य लीलास्थ गोस्वामी तिलकायत श्री गोवर्धन लाल जी महाराज

नित्य लीलास्थ गोस्वामी तिलकायत श्री गोवर्धन लाल जी महाराज श्री का युग नाथद्वारा एवं मेवाड़ में शिक्षा एवं साहित्य में स्वर्ण युग काल कहलाता है आप श्री के कार्यकाल में नाथद्वारा में शिक्षा के क्षेत्र में सर्वाधिक उन्नति हुई और आप श्री के द्वारा ही नाथद्वारा में सर्वाधिक विद्यालयों का निर्माण कराया गया। श्री गोवर्धन लाल जी महाराज श्री के समय में उदयपुर एवं कांकरोली में भी कई शिक्षण संस्थानों को अनुदान एवं उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उनको खूब सहायता प्रदान की गई।आपके समय हिंदी भाषा की उन्नति के लिए विशेष प्रयास किए गए एवं कई राष्ट्रीय कवि एवं साहित्यकारों को उन्होंने प्रश्रय दिया जिसमें उस समय के प्रसिद्ध राष्ट्रीय साहित्यकार भारतेंदु बाबू हरिश्चंद्र एवं काशी विश्वविद्यालय के संस्थापक मदन मोहन मालवीय नाथद्वारा पधारे और महाराज श्री का उन्हें आशीर्वाद प्राप्त हुआ । विक्रम संवत 1839 को स्थानीय उचितकारिणी सभा में पूज्य पाद श्री गोवर्धन लाल जी महाराज के नेतृत्व में भारतेंदु बाबू हरीश चंद्र को अध्यक्ष पद दिया गया। सुबोधिनी जैसे अमूल्य ग्रंथ का प्रकाशन भी आप श्री के समय में हुआ।
आज भी नाथद्वारा नगर की शिक्षा की रीड की हड्डी कहे जाने वाले विद्यालय जिसमें प्रमुख रुप से श्री गोवर्धन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नाथद्वारा, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नाथद्वारा, संस्कृत विद्यालय, गोवर्धन पुस्तकालय श्री गोवर्धन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़ा बाजार,श्रीनाथजी मंदिर का विद्या विभाग, एवं सुदर्शन यंत्रालय प्रमुख है।जिसमें श्री गोवर्धन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नाथद्वारा अपने 100 वर्ष पूर्ण करने को है।
ऐसे परम शिक्षा प्रेमी एवं शिक्षा के प्रश्नय दाता श्री गोवर्धन लाल जी महाराज श्री की स्मृति एवं सतत शिक्षा का प्रचार प्रसार एवं उन्नति के लिए वर्तमान की शिक्षा पद्धति एवं आवश्यकता अनुसार आज भी निरंतर एवं अबाध शिक्षा के लिए वर्तमान में गो. ति.108 श्री इंद्रदमन जी (राकेश जी) महाराज श्री की आज्ञा से गो.चि.105 श्री विशाल बावा निरंतर आधुनिक एवं प्रायोगिक शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।  और इसी क्रम में श्री विशाल बावा द्वारा सदियों पूर्व नि. ली. गो. ति. श्री गोवर्धन लाल जी महाराज द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बड़ा बाजार में विद्यालय भवन का निर्माण करवाकर नाथद्वारा नगर को समर्पित किया था, जो समय के साथ आवश्यकता अनुसार नवीन भवन की आवश्यकता को देखते हुए वर्तमान तिलकायत महाराज श्री की आज्ञा अनुसार पांच करोड़ की लागत से नवीन भवन का निर्माण कराया गया जो पूर्ण रूप से अत्याधुनिक तकनीक एवं उपकरणों से सुसज्जित है और इसे अब अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित किया जा चुका है। अब यह विद्यालय श्री गोवर्धन लाल जी महाराज श्री की चिर स्मृति को बनाए रखने के लिए इसका नवीन नामकरण श्री गोवर्धन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) बड़ा बाजार नाथद्वारा रखा गया है।