मीरा, पन्ना और पद्मिनी की धरती को क्राईम कैपिटल बना दिया – सांसद दीया कुमारी

जालोर में जन आक्रोश महाघेराव रैली को संबोधित कर कांग्रेस पर साधा निशाना

राजसमंद@RajsamandTimes। सांसद दीया कुमारी ने जालोर में जन आक्रोश महा घेराव रैली में भाग लेते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा की मीरा, पन्ना और पद्मिनी की इस त्याग, बलिदान की धरती को कांग्रेस क्राईम कैपिटल बना दिया है।

जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए सांसद दीया कुमारी ने कहा यह कांग्रेस सरकार महिला विरोधी सरकार है।
राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार में निरन्तर वृद्धि होती जा रही है। प्रतिदिन लगभग 18 से 19 घटनाएं सामने आ रही है।

सांसद ने कहा की दो दिन पूर्व जालौर के सांचौर क्षेत्र में दो नाबालिक दलित बालिकाओं को रात में घर से उठाकर ले जाने व दुष्कर्म के बाद मारकर नहर में फैंकने की घटना दुखद है। बालोतरा में 30 वर्षीय दलित महिला के साथ दुष्कर्म व जलाने के बाद उपचार में देरी से मृत्यु हो गई वहीं उदयपुर के मावली में 9 साल की बालिका के हाथ पैर काटकर मारने की घटना ने पूरा प्रदेश शर्मसार है लेकिन कांग्रेस के माथे पर कोई शिकन तक नहीं है।

सांसद दीया कुमारी ने कहा की यह सरकार युवा विरोधी है लेकिन पेपर लीक तथा बेरोजगारी में नम्बर 1 है। प्रदेश में बेरोजगार युवक आत्महत्या कर रहे हैं। कांग्रेस की इस किसान विरोधी सरकार ने किसानों का जीना दुभर कर दिया है। कर्ज माफी का झूठा वादा करने वाली कांग्रेस ने फसलों के नुकसान का मुआवजा तक नहीं दिया।

2023 में कांग्रेस सरकार की विदाई तय – सांसद दीया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले 2023 के चुनाव में कांग्रेस की विदाई तय है। यह काम और कोई नहीं प्रदेश की आधी आबादी वाली महिला शक्ति करेगी। क्योंकि बीते 4 वर्षों में सबसे ज्यादा प्रताड़ित और दुखी महिलाएं ही हुई है। प्रदेश में लूट, डकैती, गैंगवार, फायरिंग, अवैध खनन, चरम पर है।

चुनाव के समय कांग्रेस सरकार ने बिजली की दरों को नहीं बढाने की घोषणा की थी परन्तु पिछले महिने ही 31 पैसे प्रति युनिट का फ्यूल सरचार्ज लगाया और इस माह 45 पैसे सरचार्ज प्रति यूनिट वसूला जाएगा जिससे 600 करोड़ रूपए का उपभोक्ताओं पर भार बढ़ेगा।

इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक रानीवाडा नारायण सिंह देवल, भीनमाल विधायक पूराराम चौधरी, जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग ,आहोर विधायक छगन सिंह, जालोर जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह, सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल, जिला प्रभारी महेन्द्र बोहरा, सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत , पूर्व विधायक सिरोही ओटाराम देवासी, पूर्व विधायक शंकर सिंह, पूर्व विधायक सांचौर जीवाराम, स्वामीनारायण समाज के महाराज सहित आमजनता उपस्थित थी।