प्रधानमंत्री के ग्राम विकास का संकल्प पिपलांत्री में हो रहा साकार – राज्यपाल

पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए कार्यों को मुक्तकंठ से सराहा
विकास कार्यों तथा प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी का लोकार्पण किया
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

राजसमंद । महामहिम राज्यपाल कलराज मिश्र बुधवार सायं जिले के पिपलांत्री पहुंचे। उन्होंने यहाँ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया और ग्राम पंचायत में किए गए विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। राज्यपाल ने कहा कि वे पिपलांत्री में पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए गए कार्यों से अभिभूत हैं और यह ग्राम पंचायत पूरे देश के लिए एक मिसाल बन गई है।

सर्वप्रथम वे पिपलांत्री स्थित कन्या उप वन पहुंचे जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात पद्मश्री से विभूषित श्याम सुंदर पालीवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका बुके भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात महामहिम राज्यपाल ने ग्राम पंचायत में किए गए विभिन्न विकास कार्यों की शिला पट्टिका का लोकार्पण किया।

जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना, एसपी सुधीर जोशी, जिला परिषद सीईओ राहुल जैन, उप वन संरक्षक आलोक गुप्ता, एडिशनल एसपी शिवलाल बैरवा, उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

पौधारोपण किया, पिपलांत्री मॉडल पर बनी फिल्म देखी

महामहिम राज्यपाल ने कन्या उप वन में पौधारोपण किया तथा बैटरीचलित दो ग्रीन कचरा संग्रहण वाहनों का लोकार्पण किया। इसके पश्चात ट्रेनिंग सेंटर में पिपलांत्री एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर्स कंपनी लिमिटेड द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी का लोकार्पण कर अवलोकन किया। यहाँ विभिन्न उत्पाद जैसे एलोवेरा ज्यूस, एलोवेरा आचार आदि को देखा।

महामहिम राज्यपाल कलराज मिश्र ग्राम पंचायत कार्यालय भी पहुंचे। यहाँ पद्मश्री से विभूषित श्याम सुंदर पालीवाल, प्रधान अरविन्द सिंह राठौड़, स्थानीय स्थानीय सरपंच अनिता पालीवाल, वार्ड पंच, समाजसेवी सहित अन्य लोगों ने उनका अभिनंदन किया। राज्यपाल ने यहाँ पिपलांत्री मॉडल पर तैयार हुई डॉक्युमेंटरी देखी और खूब सराहना की।

पिपलांत्री देश के लिए प्रेरणा -राज्यपाल

महामहिम राज्यपाल कलराज मिश्र ने मीडिया को संबोधित करते हुए श्याम सुंदर पालीवाल के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की और कहा कि अब ये गाँव पूरे देश के लिए प्रेरणा बन गया है। राज्यपाल ने कहा कि यहाँ बंजर जमीन थी लेकिन श्याम सुंदर पालीवाल द्वारा किए गए पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से यह बंजर भूमि अब हरियाली की भूमि बन गई है। यहाँ पर्याप्त मात्रा में पेड-पौधे दिखाई देते हैं।

वॉकल फॉर लोकल के परिचायक हैं उत्पाद -राज्यपाल

उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री का ग्राम विकास का संकल्प प्रत्यक्ष रूप से दिखाई पड़ता है। राज्यपाल ने कहा कि वे श्याम सुंदर पालीवाल और यहाँ के लोगों को बधाई देते हैं। राज्यपाल ने कहा कि वे बहुत प्रभावित हुए हैं। यहाँ तैयार किए जा रहे प्रॉडक्ट्स भी आकर्षक हैं, यहाँ वॉकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार किया जा रहा है। यहाँ देश के अन्य इलाकों से भी जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण लेने आ रहे हैं जो खुशी की बात है।