राजसमन्द झील पर शीघ्र आरंभ होगी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां,उत्तर भारत का सबसे बड़ा वाटर स्पोर्ट्स टूरिस्ट हब बनेगी झील

राजसमन्द। विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. सी.पी. जोशी के निर्देशन तथा जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल, उपखण्ड अधिकारी सुशील कुमार व नगरपरिषद सभापति अशोक टांक के अनथक प्रयासों से मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक राजसमन्द झील पर जल्द ही वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां आरंभ होने वाली है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जाकर कार्यादेश जारी कर दिया गया है। समूचे उत्तर भारत में वृहदस्तर पर आरंभ होने वाली यह वाटर स्पोर्ट्स की ये गतिविधियां राजसमन्द जिले में पर्यटन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाएगी।

जिले के पर्यटन इतिहास के नये अध्याय की होगी शुरूआत

नगरपरिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि
वर्तमान में उत्तर भारत में बड़े पैमाने पर कहीं भी इतनी बड़ी जगह पर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का संचालन नहीं किया जा रहा है। राजसमन्द झील में आरंभ होने वाली इन गतिविधियों से यह जिला एक ट्यूरिस्ट हब बनकर उभरेगा जिससे जिले में पर्यटन के बहुआयामी विकास की संभावनाओं को अशातीत परिणाम प्राप्त हो
सकेंगे। यह गतिविधियां प्रभावी सुरक्षा इंतजामों के साथ संपादित की जाएगी जिससे लोगों को सुरक्षा के साथ वाटर स्पोर्ट्स के अपार आनंद व मानसिक संतुष्टि की प्राप्ति होगी। जिले में शीघ्र आरंभ होने वाली यह गतिविधियां पर्यटकों को प्रभु द्वारिकाधीश मंदिर, नौचोकी पाल सहित आसपास के ऐतिहासिक, धार्मिक पर्यटन क्षेत्रों की ओर भी आकर्षित करेंगी जिससे उनके मन-मस्तिष्क में जिले के ऐतिहासिक ज्ञान और दृष्टिकोण की अभिवृद्धि होगी।

यह गतिविधियां होगी आयोजित

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजसमन्द झील में
पेरासिलिंग, कायकिंग, बनाना राईड, जोरविंग, स्पीड बोट, बम्पर राईड, किड्स बम्पर बोट, एक्वा साईकिल, एक्वा रोलर आदि गतिविधियां आरंभ की जाएगी। इन गतिविधियों से बच्चों, बड़ों युगल सहित सभी वर्गों के लिए मनोरंजन हो सकेगा और पानी में साहसिक गतिविधियों के शौकीन लोगों के लिए यह आकर्षण का
केन्द्र बनेंगी। इन गतिविधियों के लिए अहमदाबाद की ECHT कम्पनी से करार किया गया है। जो कि वर्तमान में अहमदाबाद की साबरमती नदी में मशहूर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित कर रही है।

जिले का होगा आर्थिक विकास

किसी भी क्षेत्र के विकास में पर्यटन का बड़ा महत्व होता है।
राजसमन्द झील पर शीघ्र आरंभ होने जा रही वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों से लोगों को रोजगार भी मिलेगा जिससे जिले का आर्थिक विकास होगा। समीपस्थ जिला उदयपुर में देश-विदेश के कई पर्यटक आते हैं जो कि राजसमन्द झील पर आरंभ होने वाली स्पोर्ट्स गतिविधियों से अवश्य आकर्षित होंगे और यह जिला भी पर्यटन के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करेगा।

संरक्षण के साथ ही बंद होगी अवैध गतिविधियां

राजसमन्द झील पर इन गतिविधियों के संचालन से झील में अवैध रूप से मत्स्याखेट करने वाले असामाजिक तत्वों पर भी अंकुश लगेगा और इस झील का चौतरफा संरक्षण व संवर्धन संभव हो सकेगा। इन गतिविधियों के संचालन से झील और भी सुंदर व स्वच्छ रहेगी।