राजस्थान के प्रथम विश्वस्तरीय वेलनेस सेंटर का शिलान्यास 12 जून को, मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ.जोशी ने किया सभास्थल का निरीक्षण


खमनोर। मेडिटयूरिज्म, आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा वैलनेस सेंटर का भूमिपूजन और शिलान्यास समारोह 12 जून को सम्पन्न होगा। शक्ति व भक्ति की धरा मचिंद के निकट अरावली पर्वतमाला की वादियों में बागेरी का नाका बांध के निकट बिल्ली की भागल स्थित 52 बीघा भूमि में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत राजस्थान के इस प्रथम वैलनेस सेंटर को विश्व स्तरीय बनाने और मॉडल के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। केंद्र के अंतर्गत भारतीय चिकित्सा प्रणाली द्वारा उपचार के साथ – साथ उन पर अनुसंधान का क्रम भी सम्पन्न होगा। केंद्र में उपचार के अतिरिक्त आमजन अपनी जीवन शैली को दुरस्त करने के साथ साथ प्राकृतिक जीवन शैली का अभ्यास भी यहाँ आकर कर सकेंगे। सुविधाओं की बात करे तो यह एक योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र होगा जहां भारतीय चिकित्सा पध्दतियों द्वारा कठिन से कठिन आधी – व्याधियों की चिकित्सा एवं सामान्य मानविकी हेतु शोधन की व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त अलग तरह के आवास, योग एवं ध्यान केंद्र, शरीर की प्रकृति अनुसार पथ्य – अपथ्य आहार केंद्र, पंचकर्म, प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद उपचार केंद्र, पुस्तकालय, संस्कृति दर्शन केंद्र आदि होंगे।
विश्वस्त सूत्रों की माने तो इस केंद्र को विश्वस्तरीय बनाने एवं मॉडल के रूप में विकसित करने हेतु सरकार द्वारा वैज्ञानिक आध्यात्मवाद को समर्पित विश्व व्यापी संगठन अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं देश के सर्वश्रेष्ठ योग अध्ययन केंद्रों में स्थान रखने वाले गायत्री परिवार द्वारा संचालित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन में इस केंद्र का निर्माण एवं संचालन किया जाएगा, यद्यपि इस विषय में अभी तक कोई भी आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई हैं। केरला मॉडल पर विकसित होने जा रहे इस केंद्र की परिकल्पना स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ सी.पी. जोशी ने की एवं विगत 2 वर्षों से उनके मार्गदर्शन में इसका खाका तैयार किया जा रहा हैं।

शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति व अंतराष्ट्रीय विभूति डॉ. चिन्मय पंड्या के आने की भी संभावना हैं।
ज्ञात रहे कि प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी द्वारा मंगलवार 7 जून को बिल्ली की भागल का दौरा किया गया। निरीक्षण के दौरान राजसमंद गायत्री परिवार के घनश्याम पालीवाल,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा,उपखंड अधिकारी अभिषेक गोयल,पुलिस उप अधीक्षक छगन पुरोहित, प्रधान भेरूलाल वीरवाल सहित तहसीलदार सुरेश मेहता, खमनोर थानाधिकारी नवलकिशोर आदि साथ रहे।
तैयारियों को लेकर फतेपुर सरपंच जगन्नाथ, मचिंद सरपंच अम्बा, जिला परिषद सदस्य कुक सिंह,पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम माली,पूर्व उप प्रधान भंवर सिंह, धर्मनारायण, जमनालाल, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी आदि साथ रहे।
मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष द्वारा निरीक्षण पश्चात मचिंद में राणा चौराहा के चल रहे ईको टूरिज्म के विकास कार्यो पर चर्चा की एवं उपस्थित ग्रामीणों द्वारा बताई गई कई छोटी मोटी समस्याओं का निराकरण करने के उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।


बुधवार को जिला कलक्टर निलाभ सक्सेना व पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी,उपखंड अधिकारी अभिषेक गोयल सहित अन्य अधिकारियों ने सभा स्थल का निरीक्षण कर बेहतर व्यवस्था हेतु उचित प्रबंध आरम्भ कर दिए है।