श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की ओर से आक्रोश रैली गुरुवार को, कटारिया का पुतला फूंक जताया विरोध

राजसमंद। विधानसभा नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा वरिष्ठ नेता गुलाबचंद कटारिया द्वारा महाराणा प्रताप पर की गई अभद्र टिप्पणी का बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मिडिया पर कटारियों के बयानों की कड़ी निन्दा हो रही है। कटारियों के इसी कृत्य के विरोध में श्री राजपूत करणी सेना और श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना मेवाड़ के तत्वावधान में सर्व हिन्दू समाज के आव्हान पर प्रदेशाध्यक्ष भंवरसिंह सलाडीया व श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना मेवाड़ अध्यक्ष कुंवर गणपत सिंह दुलावत के नेतृत्व में महा आक्रोश रैली का आयोजन गुरूवार सुबह 11 बजे किया जाएगा। आक्रोश रैली चाट पिपरड़ा से रवाना होकर फरारा, दोवड़, साकरोदा, पुनावली, बागोटा, पुठोल, मुण्डोल, सनवाड़, राजनगर हाइवे होते हुए पसुन्द, तासोल, सादड़ा, मादड़ा, महासतियों की मादड़ी चौराहा से कुंवारिया होकर भावा होती हुई राजसमंद जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट परिसर में सम्पन्न होगी। महाराणा के सम्मान में आयोजित महा आक्रोश रैली में राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महीपाल सिंह मकराना शिरकत करेंगे।

मोही में प्रतिपक्ष नेता कटारिया का फूंका पुतला

प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया द्वारा महाराणा प्रताप पर की गई टिप्पणी के विरोध में मोही कस्बे के बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया।