राजसमंद विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी तनसुख बोहरा ने 15 गावों में की जनसभाएं- भाजपा के कई कार्यकर्ता हुए कांग्रेस में शामिल

राजसमंद। राजसमन्द विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस से प्रत्याशी और समाजसेवी तनसुख बोहरा (जैन) ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों में जनसभाएं की और कांग्रेस को विकास के नाम पर वोट देने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मैं राजनीति में समाजसेवा के लिए आया हूँ। मेरे में सेवा की भावना है, इससे पूर्व भी समाज में उत्थान के लिए विविध सेवा कार्य करता रहा हूँ। मेरा प्रयास रहेगा कि विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रोजगार के अवसर पैदा किये जाए। ग्रामीणों को गांव में ही बेहतर रोजगार व आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के अवसर मिले। वे सांगठकला में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उनको क्षेत्र में विकास के कामों के लिए प्रत्याशी के तौर पर उतारा है और वे क्षेत्र में विकास के कार्य करवाएंगे। उन्होंने कहा कि वे इसी क्षेत्र से आते हैं और यहां की समस्याओं से भलीभांति वाकिफ है। यह उनकी कर्मभूमि है और इस क्षेत्र में विकास के लिए वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि वे बाघेरी का पानी राजसमन्द लाएंगे और यहां की जनता की प्यास बुझाएंगे।

भाजपा को यहाँ कोई नेता ही नहीं मिला, हम विकास करेंगे – देवकीनंदन

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर ने कहा कि भाजपा को स्थानीय स्तर पर कोई नेता ही नहीं मिला जो बाहर से उतारना पड़ा है। भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा ही नहीं है। भाजपा में द्वेष है, उन्होंने कांग्रेस के नेताओं के नाम मिटाने के प्रयास किये हैं, जबकि कांग्रेस भाईचारे वाली पार्टी है, कांग्रेस ने पूर्व विधायक किरण माहेश्वरी ने नाम पर भी कॉलेज खोलने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हैं। तनसुख बोहरा यहां से जीतकर विकास का काम करवाएंगे। यह चुनाव विकास के नाम पर लड़ना है। राजसमन्द अब तक विकास से अछूता रहा है, लेकिन अब अगर यहां से कांग्रेस जीतकर आती है, तो विकास के कामों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

17 साल शासन किया, लेकिन विकास को तरसता रहा राजसमन्द

जनसभा में पीसीसी सदस्य हरिसिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने यहाँ से 5 साल सांसद और 12 साल विधायक के रूप में शासन किया, इसके बावजूद राजसमन्द विकास को तरसता रहा। यहां आज तक गांवों में पानी, शिक्षा, सड़क आदि मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं है, जिनका समाधान भाजपा के नेता 17 साल में नहीं निकाल सके, अब कहते हैं कि भाजपा प्रत्याशी अधूरे काम पूरे करेंगी। लेकिन अधूरे काम पूरे तब होते हैं, जब वह शुरू भी हुए हो। जब विकास के काम शुरू ही नहीम हुए तो अधूरे और पूरे होने का सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने कहा कि अब समय विकास का है, बदलाव का है। राजसमन्द विधानसभा की जनता अगर कांग्रेस के तनसुख बोहरा (जैन) को जीताकर विधानसभा भेजती है तो 2 साल में हम 17 साल का विकास का सूखा सही कर देंगे। हम गांवों से वहां की समस्याओं की लिस्ट मंगाएंगे, ग्रामीणों की समस्याओं को जानेंगे और उसका विकास के रूप में समाधान करेंगे।

दो साल कांग्रेस को देकर देखो, विकास न करवाएं तो कहना

इस अवसर पर राजसमन्द कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शांतिलाल कोठारी ने कहा कि एक बार राजसमन्द की जनता कांग्रेस को जीताकर देखे। अगर विकास के काम नहीं करवाएं तो वोट मांगना छोड़ देंगे। गहलोत सरकार विकास वाली सरकार है, ऐसे में अगर राजसमन्द उपचुनाव में समाजसेवी तनसुख बोहरा (जैन) जीतते है, तो विकास के कामों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उनके अलावा विभिन्न जनसभाओं में देवेंद्र कच्छारा, नारायण सिंह भाटी सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने सभाओं को संबोधित किया।

“आयो-आयो, भामाशाह आयो” के गूंजे नारें, दिखा उत्साह

कांग्रेस प्रत्याशी और क्षेत्र में भामाशाह के नाम से प्रख्यात तनसुख बोहरा (जैन) की जन सभाओं में “आयो-आयो, भामाशाह आयो” के नारें गूंजे। जनसभाओं में ग्रामीणों में कांग्रेस पार्टी और तनसुख बोहरा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने भामाशाह के नाम से तनसुख बोहरा के नारें लगाएं। सभाओं में युवा वर्ग में भी कांग्रेस को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया। युवाओं ने कांग्रेस पार्टी और भारत माता की जय के नारे लगाएं। इसके अलावा गांवों में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी तनसुख बोहरा (जैन), जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों का पगड़ी पहना व उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

भाजपा के कई कार्यकर्ता कांग्रेस में हुए शामिल

इस अवसर पर भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसमें पिपलांत्री व सांगठकला के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस का हाथ थामा और विकास के साथ चलने की बात कही। कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर और कांग्रेस प्रत्याशी तनसुख बोहरा ने कार्यकर्ताओं को उपरणा ओढ़ाकर पार्टी सदस्यता ग्रहण करवाई।

इन गांवों में की जनसभाएं

कांग्रेस प्रत्याशी तनसुख बोहरा ने शुक्रवार को 15 गांवों में जनसभाएं की। इनमें पसुन्द, बोरज, मुंडोल, पुठोल, पिपलांत्री, सांगठकला, साकरोदा, सुन्दरचा, काना देव का गुड़ा, फरारा, पीपरड़ा, बड़ारड़ा, एमडी, राज्यावास व मोही गांव में जनसभाओं को संबोधित किया।

युवा टीम का जनसंपर्क जारी

पूर्व जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस मुकेश भार्गव ने विधानसभा क्षेत्र के युवाओं से अपना जनसंपर्क जारी रखते हुए कांग्रेस पार्टी को विजय दिलाने हेतु अपने साथियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क किया।