दीपावली पर सूर्य ग्रहण होने के कारण श्रीजी प्रभु का अन्नकूट अक्षय नवमी को, प्रभु की सेवा क्रम में होगा परिवर्तन

दीपावली पर सूर्य ग्रहण होने के कारण पुष्टिमार्गीय प्रधान पीठ श्रीनाथजी मंदिर के तिलकायत श्री की आज्ञा से विशाल बावा ने संशोधित कार्यक्रम किया जारी


नाथद्वारा। श्री नाथद्वारा में स्थित पुष्टिमार्गीय प्रधान पीठ आराध्य प्रभु श्रीनाथजी मंदिर के पूज्यपाद आचार्यवर्य गो.ति.108 श्री इंद्रदमन जी( श्री राकेश जी) महाराज श्री की आज्ञा अनुसार प्रभु श्रीनाथजी मंदिर में दीपावली पर सूर्य ग्रहण होने के कारण सेवाक्रम में परिवर्तन किया गया है, जिसमें विशेष रूप से कार्तिक कृष्ण पक्ष चौदस सोमवार दिनांक 24 अक्टूबर 2022 को रूप चौदस का अभ्यंग, दीपावली के श्रृंगार, एवं हटड़ी दर्शन का क्रम रहेगा और रूप चौदस के दिन ही 24 अक्टूबर 2022 को ही शयन दर्शन पश्चात श्रीजी प्रभु के कृष्ण भंडार में चोपड़ा पूजन एवं श्री लक्ष्मी पूजन का क्रम रहेगा।  कार्तिक कृष्ण पक्ष अमावस्या दिनांक 25 अक्टूबर 2022 मंगलवार को दीपावली के दिन सूर्य ग्रहण होने के कारण सांय 4:35 से 6:29 तक ग्रहण काल रहेगा जिसके कारण दीपावली का सेवाक्रम परिवर्तित रहेगा और केवल ग्रहण क्रम की सेवा ही होगी!
अन्नकूट की सेवा का शुभारंभ कार्तिक शुक्ल पक्ष एकम 26 अक्टूबर 2022 बुधवार को मंगला पूर्व घन की सेवा के साथ आरंभ होगा एवं राजभोग के समय भट्टी पूजन के साथ ही अन्नकूट की विधिवत सेवा का आरंभ होगा। 27 अक्टूबर 2022  को यम द्वितीया( भाई दूज ) का पर्व मनाया जाएगा।
कान जगाई का सेवाक्रम कार्तिक शुक्ल पक्ष अष्टमी (गोपाष्टमी ) 1 नवम्बर 2022 मंगलवार के दिन होगा जिसमें गोवर्धन पूजा चौक में गौमाता पधारेंगी और तिलकायत श्री उन्हें कान में गोवर्धन पूजा का निमंत्रण देकर कान जगाई की परंपरा की सेवा क्रम का निर्वाह करेंगे।
अन्नकूट महोत्सव एवं गोवर्धन पूजा का सेवाक्रम कार्तिक शुक्ल पक्ष नवमी (अक्षय नवमी) बुधवार 2 नवम्बर 2022 को रहेगा जिसमें दोपहर 3:00 बजे गोवर्धन पूजा का सेवाक्रम एवं रात्रि 9:00 बजे अन्नकूट दर्शन का क्रम रहेगा ।
देवोत्थापन एकादशी कार्तिक शुक्ल पक्ष ग्यारस दिनांक 4 नवम्बर 2022 को एवं गोपाष्टमी का सेवाक्रम नाथू वास स्थित गौशाला में कार्तिक शुक्ल पक्ष बारस 5 नवम्बर 2022 शनिवार को रहेगा।