ब्रह्म शक्ति खेल महाकुंभ का आगाज 27 मार्च को नाथद्वारा में – वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देशभर से जुटेंगे युवा

नाथद्वारा। सर्व ब्राह्मण समाज के युवाओं का संगठित राजसमंद जिले के प्रथम राष्ट्रीय संगठन युवा ब्रह्मशक्ति मेवाड़ (भारत) द्वारा प्रभु श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा के श्री दामोदर लाल खेल मैदान लाल बाग में रविवार 27 मार्च 2022 को प्रातः अखिल भारतीय शाखा स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश पुरोहित ने बताया कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर शनिवार को खेल मैदान में पूजन की रस्म पूरी की गई। खेल मैदान में 15 मैच एक साथ खेलने की व्यवस्था की गई है।
समेसिंग और शूटिंग पद्धति से मैच खेले जाएंगे जिनका परिणाम प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के रेफरियों द्वारा निकाला जाएगा। समेसिंग में प्रथम पुरस्कार 21001 व द्वितीय पुरुस्कार 11001 तथा शूटिंग में प्रथम पुरुस्कार 11001 व द्वितीय पुरुस्कार 5101 की राशि प्रदान की जाएगी। खेल महाकुंभ में युवा ब्रह्मशक्ति मेवाड़ की देशभर में फैली शाखाओं की करीब 300 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता सर्वब्राह्मण समाज के युवाओं के लिए निःशुल्क आयोजित की जा रही है।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा पूर्व में प्रत्येक गांव शहर की इकाइयों को आमंत्रित करते हुए शनिवार को नाथद्वारा नगर में भव्य रैली निकाल सभी नगरवासियों को भी आयोजन में पधारने का निमंत्रण दिया गया है। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के रहने व भोजन की सुविधा युवा ब्रह्मशक्ति मेवाड़ द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। सर्व ब्राह्मण समाज खेल महाकुंभ के इस प्रथम आयोजन से युवाओं में जोश और उत्साह है।